Rajasthan: सीएम गहलोत ने दी मंजूरी बांसवाड़ा में खुलेगा जल संसाधन विभाग का अतिरिक्त मुख्य अभियंता कार्यालय

Rajasthan: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में संचालित विभिन्न जल परियोजनाओं के सुचारू एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए बांसवाड़ा में अतिरिक्त मुख्य अभियंता, जल संसाधन विभाग का अस्थाई कार्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
प्रस्ताव के मुताबिक वर्तमान में उदयपुर संभाग के अधीन कार्यरत 5 वृत्त कार्यालयों एवं 20 खण्डीय कार्यालयों में से 2 वृत्त कार्यालय एवं 9 खण्ड कार्यालयों को प्रस्तावित कार्यालय के अधीन किया जाएगा। यह स्वीकृति 31 मार्च 2024 तक प्रभावी रहेगी तथा कार्यों की मात्रा के आधार पर अवधि विस्तार हेतु यथासमय निर्णय लिया जा सकेगा
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस स्वीकृति से बांसवाड़ा जिले से संबंधित राज्य सरकार की विभिन्न बजट घोषणाओं एवं परियोजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध रूप से हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि बजट वर्ष 2022-23 की बांसवाड़ा जिले के अंतर्गत लगभग 4700 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के कार्य अतिरिक्त मुख्य अभियंता, संभाग उदयपुर के द्वारा संपादित किये जा रहे हैं। वर्ष 2023-24 के बजट में भी बांसवाड़ा जिले से संबन्धित कई घोषणाएं की गई हैं, जिससे उदयपुर संभाग पर कार्यभार बढ़ गया था।