केंद्रीय मंत्री शिवराज ने कहा- 'परिश्रम की पराकाष्ठा और प्रयत्नों की परिसीमा करें', कार्यकर्ता

Ranchi: प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश कि जनता भाजपा नेतृत्व की सरकार बनाने के लिए तैयार है। चुनाव प्रबंधन समिति के कार्यकर्ता को जनभावनाओं को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम परिश्रम की पराकाष्ठा और प्रयत्नों की परिसीमा करें। हमें अब चुनाव तक पूर्णकालिक कार्यकर्ता बनकर कार्य करना है। हम चुनाव जीतने की तड़प पैदा करें।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में साेमवार काे विधानसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई।
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि चुनाव प्रबंधन ही चुनाव में जीत की कुंजी है। प्रबंधन समिति पूर्ण योजना और पूर्व योजना पर कार्य करेगी तो सफलता हमारी झोली में होगी। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विभिन्न पर्व त्योहारों के बीच अब कार्यकर्ताओं के लिए एक ही पर्व है वह है चुनाव पर्व। चुनाव अभियान को व्यवस्थित तरीके से संचालित करके हम सब परिणाम को अनुकूल और सुखद बना सकते हैं।
प्रबंधन समिति के संयोजक एवं पूर्व सांसद सुनील कुमार सिंह ने कहा कि प्रबंध समिति के कार्यकर्ताओं को अधिकार भाव से नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व भाव से कार्य करना है। पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी इस समिति को दी है। उन्हाेंने कहा कि हम सब अपना श्रेष्ठ पार्टी को दें तथा समन्वय के साथ जीत को सुनिश्चित करने में जुट जाएं। साथ ही कहा कि प्रबंध समिति के 29 विभागों का एक ही लक्ष्य है विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार।
बैठक में सह प्रभारी एवं असम सरकार के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू, चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक डॉ प्रदीप वर्मा, पूर्व सांसद सुनील कुमार सिंह, सह संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विधायक बिरंची नारायण और सीमा शर्मा सहित समिति के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।